कलेक्टर नेहा मीना को लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार-2024 से सम्मानित किया जाएगा
नई दिल्ली, 19 अप्रैल 2025: भारत सरकार द्वारा सिविल सेवा दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष दिए जाने वाले "प्रधानमंत्री पुरस्कार फॉर एक्सीलेंस इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन" (Prime Minister’s Awards for Excellence in Public Administration-2024) के लिए इस वर्ष देशभर से 16 सिविल सेवकों का चयन किया गया है। इनमें से एक नाम कलेक्टर नेहा मीना का भी है, जिन्हें "आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम" (Aspirational Blocks Programme) श्रेणी के तहत यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। 21 अप्रैल 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में गठित विशेषज्ञ समिति द्वारा 4 अप्रैल 2025 को आयोजित साक्षात्कार के बाद कलेक्टर नेहा मीना को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।प्रधानमंत्री पुरस्कार का महत्व
भारत सरकार द्वारा यह पुरस्कार उन सिविल सेवकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने लोक प्रशासन के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया हो। इसका उद्देश्य सिविल सेवकों के योगदान को मान्यता देना और उन्हें प्रोत्साहित करना है। वर्ष 2024 के लिए यह पुरस्कार तीन श्रेणियों में दिया जा रहा है:
- श्रेणी-1: 11 प्राथमिकता वाले क्षेत्र कार्यक्रमों के तहत जिलों का समग्र विकास (5 पुरस्कार)।
- श्रेणी-2: आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम (5 पुरस्कार) – इसी श्रेणी में कलेक्टर नेहा मीना को चुना गया है।
- श्रेणी-3: केंद्रीय मंत्रालयों/विभागों, राज्यों एवं जिलों के लिए नवाचार (6 पुरस्कार)।
चयन प्रक्रिया: पाँच चरणों में होता है मूल्यांकन
इस पुरस्कार के लिए आवेदनों का मूल्यांकन एक पारदर्शी और बहु-स्तरीय प्रक्रिया के तहत किया जाता है, जिसमें निम्नलिखित चरण शामिल हैं:
- स्क्रीनिंग समिति: अपर सचिवों की अध्यक्षता में आवेदनों का प्रारंभिक चयन।
- छानबीन समिति: अपर सचिवों द्वारा प्रेजेंटेशन के आधार पर लघु सूची तैयार की जाती है।
- विशेषज्ञ समिति: सचिव, डीएआरपीजी (Department of Administrative Reforms and Public Grievances) द्वारा गहन मूल्यांकन।
- एक्सपर्ट कमेटी: कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में साक्षात्कार के बाद अंतिम चयन।
- प्रधानमंत्री की मंजूरी: चयनित सूची को माननीय प्रधानमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है, जिसके बाद इसे अंतिम रूप दिया जाता है।
पुरुस्कार के रूप में कलेक्टर नेहा मीना को एक ट्रॉफी, एक स्क्रॉल (प्रमाण पत्र), 20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, जिसका उपयोग जिले/संगठन द्वारा किसी लोक कल्याणकारी परियोजना या संसाधन विकास के लिए किया जाएगा।
कलेक्टर नेहा मीना का योगदान
कलेक्टर नेहा मीना ने आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम के तहत अपने जिले में विभिन्न विकासात्मक पहलों को सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया है। उनके नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उनके प्रयासों से स्थानीय समुदाय को बेहतर सुविधाएँ मिली हैं और ग्रामीण विकास को गति मिली है। प्रधानमंत्री पुरस्कार सिविल सेवकों के लिए एक प्रेरणास्रोत है, जो उन्हें जनहित में और अधिक नवाचारी व जमीनी कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करता है। कलेक्टर नेहा मीना का यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम को दर्शाता है, बल्कि उनकी टीम और संबंधित जिले के लिए भी गर्व का विषय है। 21 अप्रैल 2025 को होने वाले समारोह में देशभर के अन्य चयनित अधिकारियों के साथ उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा, जो भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और अन्य सिविल सेवाओं के लिए एक मिसाल कायम करेगा।

